बोकारो: बेरमो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बेरमो थाना पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। अब क्षेत्र के सभी मकान मालिकों को अपने किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य होगा।
पुलिस की ओर से इसके लिए एक किरायेदार सत्यापन फॉर्म जारी किया गया है। इस फॉर्म को भरकर संबंधित थाना में जमा करना होगा। इसके बाद ही किरायेदार का पुलिस सत्यापन पूरा माना जाएगा।
.jpg)
फॉर्म में देनी होगी ये जानकारी
जारी किए गए सत्यापन फॉर्म में मकान मालिक और किरायेदार दोनों की जरूरी जानकारी भरनी होगी। इसमें मकान मालिक का नाम, पता, मोबाइल नंबर और पेशे का विवरण देना होगा।
वहीं किरायेदार से जुड़ी जानकारी में उसका नाम, पिता का नाम, स्थायी पता, उम्र, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र का विवरण देना अनिवार्य होगा। पहचान के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट, राशन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस में से किसी एक दस्तावेज की जानकारी देनी होगी।
फॉर्म पर मकान मालिक और किरायेदार दोनों के हस्ताक्षर होने के बाद इसे संबंधित थाना में जमा करना होगा।
.jpg)
सुरक्षा को लेकर उठाया गया कदम
बेरमो थाना प्रभारी रोहित सिंह ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, संदिग्ध लोगों की पहचान करने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
उन्होंने सभी मकान मालिकों से अपील की है कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराये पर न रखें।
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई मकान मालिक बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किरायेदार रखता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी मकान मालिक समय पर किरायेदारों का सत्यापन कराकर प्रशासन का सहयोग करें।


